NextGen GoCMS

GST असिस्टेंट कमिश्नर के घर हथियारबंद लूट, बंधक बना लाखों के जेवर-नकदी लूटी

By Jageshwar prasad | Jul 04, 2026
समझें क्या है पूरा मामला अलवर में GST असिस्टेंट कमिश्नर के घर हथियारबंद लूट। 3…

समझें क्या है पूरा मामला

​सुनील जैन @ अलवर

राजस्थान के अलवर शहर से एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां शालीमार नगर में शनिवार को तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने असिस्टेंट जीएसटी कमिश्नर ओमप्रकाश के घर में घुसकर दिनदहाड़े लूट की।

बदमाशों ने करीब दो घंटे तक पूरे परिवार को गन पॉइंट पर बंधक बनाए रखा। उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। करीब 15 तोला सोने के आभूषण तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों ने महिला के साथ दुष्कर्म करने तक की धमकी दी।

सुबह दरवाजा खुलते ही बोला धावा

पुलिस के अनुसार बदमाशों ने वारदात के लिए बकायदा रेकी की थी। माना जा रहा है कि बदमाश शुक्रवार रात को ही असिस्टेंट कमिश्नर के मकान की छत पर छिप गए। 

वे नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका के खाली पड़े मकान के रास्ते पहुंचे थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जैसे ही घर का दरवाजा खुला, तीनों बदमाश अंदर घुस आए।

​बदमाशों ने घर में घुसते ही असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश, उनकी पत्नी और बच्चों को काबू में कर लिया। उन्होंने पूरे परिवार के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए। 

बदमाशों ने पहले महिला के पहने हुए गहने उतरवाए। फिर अलमारी की चाबियां छीनकर उसमें रखे करीब 15 तोला सोने के जेवर और नकदी समेट ली।

​चाय की फरमाइश और स्कूल बस को वापस लौटाया

लूटपाट के दौरान बदमाशों ने बेखौफ अंदाज दिखाया। बदमाशों ने परिवार से चाय बनाने को भी कहा, लेकिन घर में दूध नहीं होने पर चाय नहीं बन सकी। 

वारदात के दौरान ही सुबह करीब 6 से 7 बजे बच्चे को लेने स्कूल बस घर के बाहर पहुंची। बस चालक ने जब हॉर्न बजाया तो एक बदमाश बाहर आया। उसने ड्राइवर से कहा कि बच्चा आज स्कूल नहीं जाएगा। इसके बाद बदमाश वापस अंदर आया और लूटपाट में जुट गया।

​दुष्कर्म की धमकी और बेरहमी से मारपीट

लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने करीब डेढ़ घंटे तक परिवार के साथ जबरदस्त मारपीट की।बदमाशों ने महिला को दुष्कर्म की धमकी देकर बुरी तरह डराया।

पीड़ित महिला उनसे लगातार विनती करती रही कि तबीयत खराब रहती है, इसलिए उनके साथ ऐसा न करें। बदमाशों ने जाते-जाते धमकी दी कि यदि पुलिस को सूचना दी, तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

सुबह करीब सवा 7 बजे लूटपाट पूरी करने के बाद तीनों बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गए। इसकी आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। 

बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित कमिश्नर ने किसी तरह अपने बंधन खोले। पड़ोसियों व पुलिस को सूचित किया।

सदर थाना पुलिस, एफएसएल (FSL) टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें:-

भाजपा नेता पर धारदार हथियार से किया अटैक, सिर पर गहरा घाव, हाथ में फ्रैक्चर

पति के 13 लाख गेमिंग में लगाए, चोरी का ड्रामा किया, फिर गिरफ्तार हुई

ट्रेन से जेवरात से भरा बैग चुराया, गोल्ड लोन लेकर जमा कराई कॉलेज की फीस

मोदी का मास्क पहनकर चोरी, शॉप से 40 स्मार्टफोन चुराए

 

Stay Updated! Join Our Channels

WhatsApp Join Telegram Join